मोहाली। जिले के लोगों को कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण करवाने के लिए न तो इंतजार करना पड़ेगा और न ही धक्के खाने पड़ेंगे। जिला सेहत विभाग की ओर लोगों की सुविधा के लिए पूरे जिले में 55 स्थानों पर कोरोना टीकाकरण किया जा रहा है। इसमें 11 पक्की और 44 अस्थायी साइट निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा मोबाइल शिविर भी लगाए जा रहे हैं।
सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने बताया कि जिले में कोरोना टीकाकरण के लिए वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। साथ ही जिले के सभी योग्य लोगों को टीकाकरण करवाना चाहिए, जिससे इस महामारी को मात दी जा सके। जिले में अब तक चार लाख 51 हजार 134 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें 402299 लोगों को पहली और 48835 लोगों को दूसरी खुराक लगी है।
वहीं, जिला एपीडीमोलोजिस्ट डॉ. विक्रांत नागरा ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से इस्तेमाल की जा रही वैक्सीन से 18 से 44 साल के लोगों का टीकाकरण हो रहा है। इनमें रजिस्टर्ड इंडस्ट्रियल मुलाजिम, निर्माण कार्य में लगे मुलाजिम, हेल्थ केयर वर्कर, उनके पारिवारिक सदस्य और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को कवर किया जाता है। भारत सरकार की वैक्सीन से 45 साल से अधिक उम्र वालों का टीकाकरण किया जा रहा है। इनमें हेल्थ केयर वर्कर और फ्रंट लाइन वर्कर शामिल हैं।
वहीं, 21 जून से भारत सरकार की ओर से भेजी जाने वाली दवाई के दायरा 18 से अधिक उम्र वाले व्यक्ति को शामिल कर दिया जाएगा। डॉ. विक्रांत ने बताया कि टीकाकरण के बाद सभी जरूरी हिदायतों का पालन करना होगा। इनमें मास्क पहनना, एक दूसरे से उचित दूरी रखना व बार बार हाथ धोने की प्रक्रिया शामिल है।
यह हैं कोरोना टीकाकरण की स्थायी जगह
जहां पर लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है, उनमें फेज-6 जिला अस्पताल के सामने सरकारी कॉलेज, डेराबस्सी, खरड़, घडुआं, कुराली, बूथगढ़, ढकोली, बनूड़ और लालड़ू का सरकारी अस्पताल, कम्युनिटी सेंटर फेज-7 मोहाली, डेराबस्सी के सिविल अस्पताल के नजदीक सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पक्के तौर पर टीकाकरण किया जा रहा है।
कोरोना टीकाकरण के अस्थायी शिविर
कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण के लिए जो अस्थायी शिविर लगाए जा रहे हैं, उनमें मोहाली का अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर फेज-1, फेज-7 व 11, ईएसआई डिस्पेंसरी फेज-3 मोहाली, अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर मुंडी खरड़, नयागांव, सिविल अस्पताल खरड़ पुराना ट्रेनिंग सेंटर, यूपीएचसी बलटाना, प्रीत कॉलोनी जीरकपुर, बूथगढ़ ब्लॉक खिजराबाद, पलहेड़ी, बहलोलपुर, बड़ौदी, चटौली, पडियाला, पड़ोल और तोगा के सेहत केंद्रों में टीकाकरण चल रहा है। डेराबस्सी ब्लॉक में बसौली, पंडवाला, अमनाला, भुखड़ी, दप्पर, छत्त का सेहत केंद्र, घडुआं ब्लॉक में गांव बत्ता, सरकुलापुर, बडाली, जगोती, गंडागा, बसीया, सनेटा, झंजेड़ी, चडियाला, बांकरपुर, मच्छलीकलां, नयागांव, सोहाना, मनौली, दाऊ मामला, दाऊ, मटौर, चंदो, मजात, लांडरां, मुल्लांपुर के सेहत केंद्रों में टीकाकरण चल रहा है।