डेराबस्सी। नगर काउंसिल दफ्तर में ठेकेदार के एक कर्मचारी ने अध्यक्ष के सामने पार्षद के पति, बेटे और उनके साथियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। घायल कर्मचारी सोहन लाल निवासी गांव परागपुर को इलाज के लिए डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
सोहन लाल ने आरोप लगाया कि वह ठेकेदार की ट्रॉली चलाता है। दो दिन पहले जब वह अन्य कर्मचारियों के साथ शक्ति नगर में सफाई कर रहा था तो पार्षद के पति भूपिंदर शर्मा ने गाली-गलौज करके उससे झगड़ा शुरू कर दिया। दोनों पार्टियों में मारपीट हो गई। इस मामले को लेकर पार्षद ने उन पर सोने की चेन तोड़ने का झूठा आरोप भी लगाया था। इस मामले को लेकर आज नगर काउंसिल अध्यक्ष रंजीत सिंह रेड्डी के कार्यालय में दोनों पक्षों को समझौते के लिए बुलाया गया था। इस दौरान पार्षद के पति भूपिंदर शर्मा, उनके बेटे ने अपने 5-6 साथियों के साथ दफ्तर में मारपीट की और उनके कपड़े फाड़ दिए। सोहन लाल ने कहा कि बड़ी मुश्किल से वह अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागा।
वहीं, पार्षद के पति भूपिंदर शर्मा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सोहन लाल ने दो दिन पहले उनके साथ मारपीट की थी। नगर काउंसिल के अधिकारियों ने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को हुए मामले को लेकर उन्होंने कहा कि कोई झगड़ा नहीं हुआ और उनका बेटा मौके पर मौजूद ही नहीं था। आज वे समझौते के लिए एकत्र हुए थे, चर्चा समाप्त किए बिना सोहनलाल उठकर चला गया था। उन्होंने कहा कि सोहन लाल झूठ बोल रहा है। इस संबंधी डेराबस्सी थाना अध्यक्ष जसकंवल सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोट्स
दोनों पक्षों को समझौते के लिए नगर काउंसिल के दफ्तर में बुलाया गया था। इसी बीच पार्षद के पति भूपिंदर शर्मा के बेटे और ठेकेदार के कर्मचारी सोहन लाल के बीच हाथापाई हो गई। इस दौरान समझौता होता न देखकर मैं पीछे हट गया। -रंजीत सिंह रेड्डी, नगर काउंसिल अध्यक्ष, डेराबस्सी।