मोहाली। कांग्रेस पार्टी की ओर से नगर निगम चुनाव के लिए शुक्रवार को सभी 50 वार्डों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए गए। उम्मीदवारों की घोषणा विधायक एवं सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्घू ने अपनी पार्टी के कार्यालय में सभी उम्मीदवारों की मौजूदगी में की। इस मौके पर सेहत मंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी और सभी सीटों पर उनके उम्मीदवार अच्छे मतदान के अंतर से जीतेंगे। वहीं, मेयर पद के उम्मीदवार संबंधी पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस संबंध में फैसला पार्टी हाई कमान की ओर से लिया जाना है। वह उम्मीदवार जीताकर उनके नामों की सूची पार्टी को सौंप देंगे।
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस पार्टी के फेज-1 स्थित दफ्तर में उम्मीदवारों का एलान किया गया। इस मौके पर उन्होंने आजाद ग्रुप एवं कुलवंत सिंह पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोहाली पढ़े-लिखे लोगों का शहर है। इलाके के लोग उन्हें मुंह नहीं लगाएंगे और वह पूरी तरह मौका परस्त भी हैं। जो लोग अपनी पार्टी के नहीं हो सके वह शहर के क्या होंगे। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि वह अपना मुुकाबला किससे मानते हैं तो सेहत मंत्री ने कहा कि उनका मुकाबला किसी से नहीं है। हम अपने विकास के काम के दम पर जीतेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 6 महीने में हमने वह काम किए हैं जो कि पिछले 10 साल सत्ता में रही सरकार नहीं कर पाई। मोहाली मे 2013 में मेडिकल कॉलेज बनने की शुरूआत हुई थी। लेकिन उनकी सरकार ने पूरा काम करवाया है। अकाली दल के प्रदेश प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने प्रोग्रेसिव पंजाब प्रोग्राम में जो करोड़ों के समझौतों की बात कहीं थी, वह अभी तक जमीनी हकीकत नहीं बन पाए। वह करोड़ों रुपये शहर के लिए लेकर आए। वहीं, 25 करोड़ रुपये मार्च तक गमाडा से लाकर नगर काउंसिल को देंगे। इस मौके पर सेहत मंत्री के राजनीतिक सलाहकार हरकेेश चंद शर्मा मच्छलीकलां, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कुलजीत सिंह बेदी, राजा कंवरजोत सिंह मोहाली समेत अन्य मौजूद थे।
मुख्य चुनाव की तरह बनाई रणनीति
जब सेहत मंत्री से पूछा गया कि क्या वह इस चुनाव को विधानसभा का सेमीफाइनल मानकर चल रहे हैं, तो इस पर उन्होंने कहा कि इससे इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन वह तो फाइनल के लिए भी रणनीति बनाकर तैयार बैठे हैं। जब उनसे पूछा गया कि आपके सीनियर नेता इंद्रजीत सिंह खोखर पार्टी को अलविदा कह गए हैं, तो इस पर सेहत मंत्री ने कहा कि मैंने उनसे बातचीत की थी। अगर उस इलाके के सीटिंग पार्षद का काम अच्छा हो तो उसे दरकिनार नहीं किया जा सकता। जहां तक उन्हें कहा था कि उन्हें पार्टी में अच्छा पद दिया जा सकता है। समय से पहले कुछ चीजें नहीं हो सकती है।
किसी तरह की कोई जाली वोट नहीं बनाई
सेहत मंत्री से जब पूछा गया कि आप पर जाली वोट बनाने के आरोप लग रहे हैं। तो उन्होंने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ऐसा नहीं है। वह अमन पसंद लोग हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पिछली सरकारों की तरह कोई धक्केशाही नहीं की है। किसी के कागज तक रद्द नहीं करवाए हैं। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस में सेकेंड लाइन वाले नेताओं का अभाव है तो इस पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है।
अमरजीत का पार्टी कार्यालय में होर्डिंग का क्या संकेत
प्रेस कांफ्रेंस में सेहत मंत्री ने कहा उनकी पार्टी तय करेगी कि मेयर का उम्मीदवार कौन होगा। हालांकि पार्टी कार्यालय के बाहर जहां निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों का एलान किया गया है, वहां पर अमरजीत सिंह जीती सिद्घू का एक बहुत बड़ा होर्डिंग लगा था। जिसके संकेत साफ थे कि आने वाले समय में वहीं, मेयर पद के उम्मीदवार होंगे। अकाली दल के वरिष्ठ नेता खुल कर कह रहे हैं कि सिद्घू अपने भाई को उम्मीदवार बनाने की तैयारी में हैं। दूसरी तरफ प्रेस कांफ्रेंस से पहले सेहत मंत्री के बेटे ने भी किसी अकाली नेता का नाम लिए बिना चुटकी लेते हुए कहा कि उनके यहां कुर्सियां कम पड़ गई हैं। जबकि किसी पार्टी के पास नेताओं की कमी पड़ गई है।