लालडू। नगर परिषद लालड़ू की एक महत्वपूर्ण बैठक हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा की अध्यक्षता में परिषद कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में विकास से जुड़े कई अहम प्रस्ताव पास किए गए। खास बात यह रही कि आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिषद ने सामुदायिक केंद्रों के उपयोग शुल्क को एजेंडे में प्रस्तावित 3100 रुपये से घटाकर मात्र 1100 रुपये करने का निर्णय लिया।
बैठक के बाद परिषद अध्यक्ष सतीश राणा और कार्यकारी अधिकारी अशोक पथरिया ने बताया कि क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं और जल्द ही सभी अधूरे कार्य पूरे किए जाएंगे। परिषद में पेयजल आपूर्ति के लिए नए ट्यूबवेल लगाने और पशु चिकित्सालय के जीर्ण-शीर्ण भवन के पुनर्निर्माण का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करते हुए अधिकारियों को शीघ्र अमल में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हलके में सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और पिछली सरकारों की अनदेखी के कारण खराब हुई सड़कों को अब दुरुस्त किया जा रहा है। रंधावा ने बताया कि भगवंत मान सरकार प्रदेश में 20 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण करवा रही है, साथ ही कई जनहित योजनाएं भी चल रही हैं, जो जनता के लिए लाभदायक साबित होंगी।