खरड़। शहर के वार्ड नंबर 1 में स्थित ईडन सिटी सोसायटी में रह रहे एक परिवार के दो भाईयों और दो महिलाओं पर सोसायटी के मालिक एवं कालोनाइजर हरिंदर सिंह, बलदेव सिंह, सिक्योरिटी गार्ड और उनके अन्य साथियों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। शुक्रवार को हुए इस हमले में वह चारों घायल हो गए और सरकारी अस्पताल में दाखिल हैं। यह वारदात शुक्रवार रात का है। खरड़ अस्पताल में दाखिल पीड़ित अजय कुमार व उसके भाई विक्रांत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कालोनी में पीने के पानी की कमी के कारण कालोनाईजर द्वारा पानी के टैंकरों से पानी की सप्लाई पूरी की जाती है।
दरअसल शुक्रवार को पानी सप्लाई के टैंकर के ऊपर सोसायटी निवासी नैतिक नाम का व्यक्ति खड़ा था। कॉलोनाइजर द्वारा लगाई गई बिजली की अवैध नंगी तारों से अचानक उसका हाथ लग गया और वह टैंकर से नीच आ गिरा। उसे खरड़ अस्पताल ले गए वहां पर उसकी मौत हो गई। इसी सोसायटी में रह रहे अजय कुमार और उसके भाई विक्रांत राणा को जब नैतिक की मौत का पता चला, तो वह भी संवेदना प्रकट करने उसके घर गए। यहां पहले से ही कॉलोनाइजर हरिंदर सिंह व बलदेव सिंह अपने कुछ साथियों के साथ बैठे हुए थे। यहां पर बातों-बातों में ही अजय कुमार व विक्रांत राणा ने सोसायटी की समस्याएं बिजली की नंगी तारों और पानी की समस्या को सुधारने के लिए कॉलोनाइजर से कहा। इस पर हरिंदर सिंह व बलदेव सिंह नाराज होकर भड़क उठे और इन दोनों को धक्के मारते हुए घर के बाहर ले आए। इसके बाद दोनों कॉलोनाइजर और उनके साथियों ने दोनों भाइयों को घेरकर डंडों से जमकर पीटा। यह देखकर उनकी दोनों भाइयों की पत्नी और मां सुमन रानी जब इनके बचाव में आगे आईं तो हमलावरों ने इन पर भी डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में चारों घायल हो गए और दोनों घायल महिलाओं को लोग अस्पताल ले गए। इसके बाद जब अजय कुमार और विक्रांत राणा अपने इलाज के लिए बाइक पर जा रहे थे तो कॉलोनाइजर के गुंडों ने उन्हें सोसायटी के गेट पर घेरकर हथियारों से जानलेवा हमला करके इन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों भाई बेहोश होकर गिर गए। इसके बाद वहां पर लोगों को आता देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए। गये। सोसाईटी के लोगों ने बेहोश पड़े दोनों भाइयों को सरकारी अस्पताल खरड़ पहुंचाया। अजय कुमार की के हाथ की हड्डी टूट गई है, जबकि उसके भाई विक्रांत राणा की गर्दन पर कृपाण के वार से गहरे घाव हो गए हैं।
खरड़ सिटी पुलिस के थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने विक्रांत राणा की शिकायत पर बाउंसर दीप और आठ दस अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोपर में केस दर्ज कर लिया है।