फेज-छह स्थित शहीद मेजर हरमिंदरपाल सिंह सरकारी कॉलेज की हालत पिछले कुछ समय से बहुत खराब है। कॉलेज में शौचालय और इमारत की हालत सबसे ज्यादा दयनीय है। इसकी काफी समय से मरम्मत नहीं हुई। अब कॉलेज की मरम्मत के लिए प्रशासन की तरफ से 76 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है।
बजट में कॉलेज में रंग-रोगन, सिलिंग, कैंटिन की मरम्मत, शौचालयों की मरम्मत और एलईडी लाइट लगानी है, जिससे कॉलेज का एक नया रंग रूप देखने को मिलेगा। विद्यार्थियों का कहना है कि उन्हें कॉलेज में बहुत समस्या का सामना करना पड़ रहा था। शौचालय में वॉश बेसिन टूटे हुए थे। पानी भी टपकता रहता था। कॉलेज की इमारत में लगे एक्सपायर अग्निशमन यंत्र को बदलवाने काम भी पूरा हो गया है, जिसमें की 70 एक्सपायर अग्निशमन को बदला गया है।
लाइब्रेरी को मिलेगा नया रूप
जब से कॉलेज बना है तब से लाइब्रेरी में मूलभूत सुविधाएं नहीं थी, जिसे एक नया रूप देने की बहुत समय से मांग चल रही थी। लाइब्रेरी के लिए भी बजट निकाला गया है। इसमें लाइब्रेरी में नए बेंच से लेकर एसी तक सभी तरह की सुविधा होंगी, जहां बच्चे बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे।
अगले महीने आने वाली है नैक की टीम
कॉलेज में निरीक्षण के लिए अगले महीने नैक की टीम आने वाली है। इसके लिए कॉलेज प्रशासन अब इस ओर ज्यादा ध्यान दे रहा है। साथ ही दिसंबर के पहले हफ्ते तक कॉलेज प्रशासन को मरम्मत का सारा काम करवाना पड़ेगा।
कोट्स
कॉलेज की मरम्मत के लिए फंड मंजूर हो गया है। जल्द ही टेंडर लगने के बाद पीडब्ल्यूडी काम शुरू कर देगा। उम्मीद है कि दिसंबर तक काम पूरा हो जाएगा।
-हरजीत गुजराल, प्रिंसिपल फेज-छह