मोहाली। फेज-4 में बरसात से पहले सफाई कार्य शुरू कर दिया गया है। इस काम की शुरुआत वार्ड नंबर-5 की पार्षद रूपिंदर कौर रीना की अगुवाई में हुई। उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी मानसून से पहले गलियों और सड़कों की सफाई करवाई जा रही है ताकि बारिश के दौरान पानी निकासी में कोई दिक्कत न आए। पार्षद रीना ने जानकारी दी कि इलाके की जिन गलियों की पाइपें बंद हैं, उन्हें आधुनिक जेटिंग मशीन की मदद से साफ किया जाएगा, जिससे बारिश का पानी आसानी से निकल सके। यह काम समय रहते करवाना बेहद जरूरी है ताकि लोगों को जलभराव जैसी समस्या का सामना न करना पड़े। इस मौके उनके साथ सुखपाल सिंह, रघुवर चेतन्या, दर्शन सिंह गुलाटी, शेर सिंह, हर्केश चंद, राकेश धर, हेमदीप सिंह और कई अन्य स्थानीय निवासी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर इलाके की साफ-सफाई और जलनिकासी को लेकर उठाए गए इस कदम की सराहना की।