मोहाली। नगर निगम मोहाली और छह नगर काउंसिलों के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। इस दौरान कुछ जगह छिटपुट झड़पों और बहसबाजी की घटनाओं को छोड़कर मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा। इस बार चुनाव बैलेट पेपर के जरिए करवाए गए। जिले के 166 वार्डों के 695 उम्मीदवारों की किस्मत बैलेट बॉक्स में बंद हो गया है। भीषण गर्मी के बावजूद 55.54 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली और युवाओं व महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया। वहीं संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर पुलिस और प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
मोहाली नगर निगम के 50 वार्डों के लिए कुल 54.84 फीसदी मतदान हुआ है। यह 2021 में हुए 55.54 फीसदी मतदान से कम है। इस दौरान डीसी कोमल मित्तल और एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस स्वयं सक्रिय रहे। कुछ जगह शिकायतें जरूर मिली जिसे तुरंत अधिकारियों को मौके पर पहुंच कर सुलझा लिया गया। सुबह आठ बजे पोलिंग शुरू हो गई थी जो कि शाम को पांच बजे तक चली। इसके बाद टीमों ने उम्मीदवारों के सामने बैलेट बॉक्सों को सील लगाकर स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच भेजा। जिले में कुल 4,80,782 मतदाता हैं। इसमें 26 अन्य मतदाता भी शामिल हैं। इसमें से 2,63,031 लोगों ने मतदान किया।
इस दौरान मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। इनमें कुराली में 64.27 फीसदी, बनूड़ में 72.86 फीसदी, नयागांव में 58.23 फीसदी, लालड़ू में 69.34 फीसदी, जीरकपुर 48.27 और डेराबस्सी 57.09 फीसदी लोगों ने मतदान किया। जिले में नगर निगम और नगर परिषद चुनाव के दौरान भीषण गर्मी का असर मतदान पर भी देखने को मिला। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या कम रही। हालांकि सुबह और शाम के समय लोगों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव अधिकारियों के अनुसार गर्मी के चलते इस बार मतदान प्रतिशत पर असर पड़ा है। इसके बावजूद विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं और महिलाओं में मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला।