मोहाली। नगर निगम चुनाव के लिए मंगलवार को हुए मतदान के बाद उम्मीदवारों की किस्मत बैलेट बॉक्स में बंद हो गई। चुनाव के दौरान नेताओं और उनके परिवारों की सक्रियता पूरे दिन चर्चा में रही। कई राजनीतिक परिवारों के एक से अधिक सदस्य अलग-अलग वार्डों से चुनाव लड़ रहे थे, ऐसे में नेता फोन कॉल और संदेशों के जरिए समर्थकों को बूथ तक लाने में जुटे रहे। दूसरी ओर कई वार्डों में हंगामा, फर्जी वोटिंग के आरोप और तनावपूर्ण माहौल भी देखने को मिला। मतदान के दौरान नेताओं ने परिवार सहित बूथों पर पहुंचकर वोट डाला और लोगों से भी मतदान करने की अपील की। उम्मीदवारों और समर्थकों ने देर शाम तक घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया। बैलेट पेपर से चुनाव होने के कारण कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। संवाद
पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में दिखा उत्साह
नगर निगम चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही युवा मतदाता बूथों पर पहुंचने लगे। सोहाना पोलिंग बूथ पर पहली बार वोट डालने पहुंचीं निहारिका और शिवानी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक को मतदान करना चाहिए। शहर के अधिकांश केंद्रों पर युवा मतदाताओं की अच्छी भागीदारी रही।
वार्ड-36 में बैलेट बॉक्स की सील को लेकर विवाद
सेक्टर-71 स्थित वार्ड नंबर 36 के मतदान केंद्र पर बैलेट बॉक्स की सील नहीं होने के आरोप को लेकर हंगामा हो गया। भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया। सूचना मिलने पर चुनाव अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
वार्ड नंबर-5 में फर्जी वोटिंग के आरोप
फेज-2 स्थित वार्ड नंबर 5 में पूर्व पार्षद दविंदर वालिया ने फर्जी वोटिंग के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बूथ पर मतदाताओं की पहचान की सही तरीके से जांच नहीं हो रही। सूचना मिलने पर विधायक कुलवंत सिंह और पूर्व मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान नेताओं और पुलिस के बीच बहस भी हुई। कुछ देर तक बूथ के बाहर समर्थकों की भीड़ लगी रही और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
वार्ड-39 में दिनभर बना रहा तनाव
वार्ड नंबर 39 में दिनभर विवाद और तनाव का माहौल बना रहा। विभिन्न पक्षों के समर्थकों के बीच कई बार कहासुनी हुई, जिसके चलते पुलिस बल तैनात करना पड़ा। हालांकि विवाद के बावजूद मतदान प्रक्रिया जारी रही।
नेताओं ने परिवार सहित किया मतदान
विधायक कुलवंत सिंह ने वार्ड नंबर 42 में परिवार सहित मतदान किया। इस वार्ड से उनके बेटे सरबजीत सिंह समाना चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने वार्ड नंबर 10 में वोट डाला, जहां उनके बेटे कंवरबीर रूबी सिद्धू उम्मीदवार हैं। वहीं डॉ. सन्नी आहलुवालिया ने फेज-3ए में मतदान किया। अकाली दल के जिला प्रधान परविंदर सिंह बैदवान और भाजपा जिला प्रधान संजीव वशिष्ट ने भी परिवार सहित मतदान किया।
कई इलाकों में लगीं लंबी कतारें
बलौंगी, मोहाली गांव, कुंभड़ा, सोहाना और मटौर के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोगों में मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया। प्रशासन ने बलौंगी गांव के बूथों को अति संवेदनशील घोषित कर यहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। इसके अलावा वार्ड नंबर 6, 10, 14, 21 और 39 समेत कई वार्डों में दिनभर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं।