लालड़ू। गांव धर्मगढ़ की आंचल 8 से 12 अगस्त तक मलयेशिया में होने वाले चोकबॉल के 9वें वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। टीम में पंजाब से दो लड़कियां चुनी गईं हैं। इनमें गुरुनानक देव पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल धर्मगढ़ में 12वीं कक्षा की आंचल पुत्री कृष्ण सिंह और रेनू फाजिल्का जिले से हैं। चोकबॉल एसोसिएशन मोहाली के प्रधान अमरजीत सिंह ने बताया कि इस वर्ल्ड कप में विश्व से कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें भारत, अर्जेंटीना, ब्राजील, फ्रांस, रूस, स्विटजरलैंड, चीन, ताइवान, इटली व पाकिस्तान आदि की टीमें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम का 12 सदस्यीय दल मंगलवार शाम को बंगलूरू से मलयेशिया के लिए रवाना हुआ। आंचल के स्कूल प्रिंसीपल एवं इंचार्ज परमिंदर कौर चहल, साहब सिंह, प्रवीन कुमार आदि ने प्रतिभाशाली होनहार खिलाड़ी को मेडल जीत कर लाने के लिए शुभकामनाएं दीं।