सेक्टर-78 स्टेडियम में शुरू हुए जिला स्तरीय खेल मुकाबलों में कबड्डी के मैच में भाग लेतीं टीमें।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय खेल मुकाबले बुधवार को शुरू हो गए। इसका शुभारंभ एडीसी अमरदीप सिंह बैंस ने किया। पहले दिन तैराकी, हैंडबॉल, फुटबॉल, टेबल टेनिस व कबड्डी के मुकाबले हुए। इन खेल मुकाबलों में 13 गेम्स शामिल की गई हैं और इसमें जिले के 1500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
मोहाली के सहायक जिला खेल अधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि इन मुकाबलों में ब्वॉयज व गर्ल्स के अंडर-18 मुकाबले करवाए जा रहे हैं। पहले दिन हुए तैराकी 100 मीटर फ्री स्टाइल ब्वॉयज में युवकरन सिंह ने पहला व करमवीर सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया। 100 मीटर फ्री स्टाइल गर्ल्स तैराकी मुकाबले में जसनूर कौर ने पहला व मनरूप कौर ने दूसरा स्थान हासिल किया। हैंडबॉल ब्वॉयज में कोचिंग सेंटर 3बी1 की टीम ने इंडस पब्लिक स्कूल को 40-9 के भारी अंतर से हराकर एकतरफा जीत हासिल की। वहीं इसी इवेंट में कोचिंग सेंटर एमसी स्टेडियम खरड़ ने दशमेश पब्लिक स्कूल मोहाली को 32-5 से मात देकर एकतरफा जीत हासिल की।
ब्वॉयज फुटबॉल में वाईपीएस मोहाली ने खालसा स्कूल कुराली को व दून पब्लिक स्कूल मोहाली ने इंडस पब्लिक स्कूल को हराकर अपने मुकाबले जीते। वहीं ब्वॉयज टेबल टेनिस में सुखबीर सिंह ने कमलप्रीत सिंह को 3-0 से हराया। इसी इवेंट के दूसरे मुकाबले में सुखबीर सिंह ने साहिल सोनी को 3-0 से मात देकर दूसरा मुकाबला भी अपने नाम किया। गर्ल्स कबड्डी नेशनल स्टाइल में दयालपुर ने तीड़ा को और मौली बैदवान ने झंझेड़ी को हराकर अपने-अपने मुकाबले जीते।