जाने-माने शैफ मनजीत ने बताए मसालेदार खाने के नुकसान
- फोटो : अमर उजाला
जाने-माने शैफ मनजीत सिंह गिल शनिवार को मोहाली पहुंचे। यहां उन्होंने मसालेदार खाना खाने के नुकसान बताए। गिल ने कहा कि युवा अधिक मसालेदार भोजन पसंद करते हैं। उन्होंने तेजी से बढ़ रहे मसालेदार भोजन को लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बताया। गिल शनिवार को मोहाली में नेशनल फूड एंड कुकरी इंस्टीट्यूट की आठवीं शाखा का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मसालों से जहां भोजन का स्वाद बढ़ता है, वहीं इनका अधिक इस्तेमाल करने शरीर पर उलटा प्रभाव पड़ता है। मसालों के सही चयन से ही खाना बनाने वाली की परख होती है।
गिल ने कहा कि खाना बनाना जहां एक कला है, वहीं बने हुए खाने को बेहतर तरीके से परोसना उससे भी बड़ी कला है। उन्होंने कहा कि तेज आंच की बजाए धीमी आंच पर बना खाना अधिक पौष्टिक होता है। उन्होंने कहा कि अब यह मान्यता पूरी तरह से खत्म हो चुकी है कि खाना बनाना महिलाओं का ही काम है। अब पुरुषों में भी पाक कला के प्रति दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। प्रशिक्षण संस्थानों में लड़कियों के मुकाबले लड़कों की संख्या ज्यादा है। इस अवसर पर नेशनल फूड एंड कुकरी इंस्टीट्यूट के निदेशक संजीव कश्यप ने बताया कि इस संस्थान में विद्यार्थियों को होटल प्रबंधन आदि समेत कई कोर्स करवाए जाएंगे। वहीं घरेलू महिलाओं को आधुनिक एवं मार्केट की मांग के अनुसार भारतीय, चाइनीज और बेकरी के उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां समय-समय पर देश-विदेश के प्रसिद्ध शैफ प्रशिक्षण देंगे। इस अवसर पर सीएएफआर के अध्यक्ष नवदीप शर्मा, आईएएस कर्मजीत सिंह सरा, राजेश अग्रवाल, हरमेश कुमार, अंजना जोशी और अक्षय मौजूद रहे।