नयागांव। गांव टांडा के जंगलों के नजदीक जमीन पर बड़े आकार के पैरों के निशान मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, खेतों के पास जमीन पर पंजों के बड़े निशान दिखाई दिए, जिन्हें देखकर लोगों ने इलाके में चीते जैसे जंगली जानवर के होने की आशंका जताई।
सूचना फैलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी वाइल्डलाइफ विभाग को दी। गांव के सरपंच सतनाम सिंह ने बताया कि निशान मिलने के बाद ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। जंगल से सटे खेतों में लोग अकेले जाने से भी कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने वाइल्डलाइफ विभाग से मौके पर पहुंचकर निशानों की जांच करवाने और जरूरत के अनुसार कैमरा ट्रैप लगाने की मांग की है, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।