मोहाली। जिले की नगर काउंसिल के अधिकारियों पर एक कारोबारी ने रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए डीसी मोहाली को शिकायत दी है। हाल ही में इस नगर काउंसिल में रिश्वत का एक मामला सामने आ चुका है। प्रॉपर्टी कारोबारी ने नक्शा पास करने की एवज में फीस के नाम पर रिश्वत वसूलने का आरोप लगाया है। वहीं, नगर काउंसिल अधिकारियों को कहना है कि वो इस कारोबारी को जानते तक नहीं, और पूरा काम ऑनलाइन हो रहा है।
रोपड़ के गांव पपराली के रहने वाले प्रॉपर्टी कारोबारी गुरपाल सिंह ने मोहाली जिला काउंसिल के अधिकारियों पर लाखों की रिश्वत वसूलने का आरोप लगाया है। कारोबारी का आरोप है कि काउंसिल अधिकारी मुलाजिमों को सरकारी फीस के नाम पर मोटी रकम वूसलने के लिए भेजते थे। गुरपाल का दावा है कि उसे कोई रसीद भी नहीं दी गई और मोहाली जिले की इस काउंसिल में रोपड़ के एक व्यक्ति के बनाए नक्शे ही पास किए जाते हैं। गुरपाल का कहना है कि उसने इस मामले की लिखित शिकायत डीसी मोहाली को देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं काउंसिल के ईओ और एसओ का कहना है कि वो ऐसे किसी व्यक्ति को जानते ही नहीं। ईओ का कहना था कि अब सभी काम ऑनलाइन होता है। इस व्यक्ति का नक्शे का केस अभी पेंडिंग चल रहा है और आरोप निराधार हैं।