मोहाली जिला अदालत में प्रेक्टिस करने वाले वकीलों को पक्के चैंबर मिलने का रास्ता साफ हो गया है। मंगलवार को जिला बार एसोसिएशन व जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच एमओयू साइन हुआ। एमओयू डीसी डीएस मांगट की अगुवाई में हुआ। इसके तहत प्रशासन ने बार को चैंबर बनाने के लिए जगह का कब्जा दे दिया है। वहीं, जल्द ही चैंबर बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसकी जानकारी होने पर वकीलों ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई। वहीं, जिला बार एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत सिंह लोगिंया ने बताया कि आठ से दस महीनों में चैंबर बनकर तैयार हो जाएंगे।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत सिंह लोंगिया ने बताया कि 298 पक्के चैंबर बनाए जाएंगे। चैंबर उन्हीं वकीलों को अलॉट किए जाएंगे जो स्थाई रूप से मोहाली जिला अदालत में प्रेक्टिस करते हैं। लोंगिया ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि इससे वकीलों को फायदा मिलेगा।
जिक्रयोग है कि कुछ समय पहले मोहाली जिला अदालत फेज-3बी1 से शिफ्ट होकर सेक्टर-76 पहुंची है। लेकिन अभी तक वकीलों के पक्के चैंबर नहीं बने थे। इसके बाद अस्थाई चैंबर बनाए गए थे। लेकिन वहां लाइट को लेकर काफी समय से मामला उलझा हुआ था।