मोहाली। गांव बहलोलपुर के सरपंच को जाति सूचक शब्द कहने व भाई और मामा को थप्पड़ मारने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ बलौंगी थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान संजीव कुमार निवासी बहलोलपुर, जीवन सिंह राणा व नवीन कुमार निवासी गांव त्यूड के रूप में हुई है। यह मामला गांव बहलोलपुर के सरपंच मनराजप्रीत सिंह के बयान पर दर्ज किया गया है।
सरपंच मनराजप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि बीती रात वह अपने भाई जसकरण सिंह, मामा धर्मजीत सिंह के साथ गांव सियाड़ जिला लुधियाना गए थे। वह दोस्त राजेश कुमार के साथ खरड़ से गांव बहलोलपुर जा रहे थे। रात करीब साढ़े 10 बजे जब उनकी कार गांव बहलोलपुर के शिव मंदिर के पास पहुंची तो उनके गांव के जीवन सिंह राणा ने उनकी गाड़ी रोक ली और वह गाड़ी से उतरकर बाहर आ गए। इतने में संजीव कुमार और उसका दोस्त नवीन कुमार वहां आए और हाथापाई करने लगे। संजीव और नवीन ने उन्हें जाति सूचक शब्द बोले। उन्होंने उसके भाई व मामा के थप्पड़ मारे। वारदात पास ही के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मनराजप्रीत सिंह का कहना है कि उसने हाल ही में हुए चुनाव में सरपंच का इलेक्शन लड़ा था और वह जीत गया। ये लोग उससे रंजिश रखते हैं इस कारण उन्होंने उस पर हमला किया। पुलिस ने सरपंच के बयान पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।