डेराबस्सी। वाल्मीकि बस्ती में बुधवार देर रात मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने पांच युवकों पर फायरिंग कर दी। इस दौरान युवकों ने भागकर जान बचाई। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बीती रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वाल्मीकि बस्ती निवासी साहिल ने बताया कि बीती रात करीब दस बजे वह अपने दोस्त अभी पाहवा, रोहन, अंकुश व मनप्रीत के साथ धर्मशाला के नजदीक खड़े थे। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक आए और उन में से दो युवकों ने मोटरसाइकिल से नीचे उतरते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। निशाना सही न लगने के कारण वह सब बच गए। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया तो तीनों हमलावर पंजाबी बाग की तरफ फरार हो गए। इसकी सूचना डेराबस्सी पुलिस को दी तो एसएचओ अजितेश कौशल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से दो खोल भी बरामद कर लिए हैं। शिकायतकर्ता साहिल ने बताया कि उसे एक हमलावर की पहचान है जो महमदपुर गांव का रहने वाला है। उसके साथ उसकी रंजिश है। इसके चलते ही फायरिंग की गई है।
कोट्स...
इस मामले में हमने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह मामला रंजिश का लग रहा है। वारदात वाली जगह के नजदीक एक घर में सीसीटीवी लगा हुआ है। उसकी फुटेज चेक की जा रही है। इसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। -अजितेश कौशल, एसएचओ डेराबस्सी