लुधियाना के गुरु तेग बहादुर नगर दुगरी निवासी करमजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। लुधियाना के एक युवक से लक्समबर्ग भेजने और वीजा दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। यह आरोप मोहाली के फेज-5 स्थित वीजा टूर एंड कंसल्टेशन के संचालक पर लगा है। शिकायत के आधार पर पंजाब स्टेट क्राइम विंग पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। लुधियाना के गुरु तेग बहादुर नगर दुगरी निवासी करमजीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ विदेश जाना चाहते थे। इसी सिलसिले में उनकी मुलाकात मोहाली के फेज-5 में वीजा कंसल्टेंसी चलाने वाले जलविंदर सिंह से हुई। आरोपी जलविंदर सिंह ने उन्हें और उनकी पत्नी को लक्जमबर्ग भेजने के लिए छह लाख रुपये की मांग की। इसमें तीन लाख रुपये भारत में और बाकी तीन लाख रुपये विदेश पहुंचने के बाद देने की बात तय हुई थी। शिकायतकर्ता करमजीत सिंह ने 9 नवंबर 2024 को एक लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद 12 नवंबर 2024 को दो लाख रुपये बैंक ट्रांसफर के माध्यम से आरोपी को दिए। इस तरह आरोपी को कुल तीन लाख रुपये दिए गए। हालांकि, आरोपी ने न तो वीजा लगवाया और न ही पैसे वापस किए।
धोखाधड़ी का खुलासा
कुछ समय बाद शिकायतकर्ता करमजीत सिंह को पता चला कि उसके वीजा संबंधी दस्तावेज और विदेश भेजने के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस के उच्च अधिकारियों से की। पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने शिकायत की गहन जांच की। जांच के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर 14 नवंबर को पंजाब स्टेट क्राइम विंग थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी जलविंदर सिंह उर्फ सतिंदर सिंह निवासी भिखी मानसा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4) और इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत आरोप लगाए गए हैं। इस मामले की आगे की जांच इंस्पेक्टर नवप्रीत कौर को सौंपी गई है।