जीरकपुर। पुलिस ने वीआईपी रोड पर स्थित सावित्री सोसायटी में एक व्यक्ति को घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप में 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। झगड़ा फ्लैट के बाहर खड़े होकर फोन सुनने को लेकर हुआ था।
जांच अधिकारी ने बताया कि सिधात मेहरा निवासी वीआईपी रोड ने बताया कि उसके पिता का फ्लैट उसके फ्लैट के नीचे है। 25 नवंबर को उसके विवाह की सालगिरह होने के कारण फ्लैट में पार्टी रखी हुई थी। वह देर रात अपने पिता के फ्लैट के सामने फोन पर बात कर रहा था तो सामने वाले घर में रहने वाला मनदीप सिंह बाहर निकल आया और फ्लैट के सामने बात करने को लेकर गाली गलौच करने लगा।
इस बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। दोनों के परिवार वालों ने उन्हें समझाकर घर भेज दिया। सुबह करीब ढाई बजे फ्लैट की घंटी बजी तो उसने दरवाजा खोलकर देखा तो कुछ लड़कों सहित आरोपी बाहर खड़ा था। उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में वह जख्मी हो गया। उसे चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इसके बाद पुलिस ने घायल के ब्यान के आधार पर आरोपी मनदीप सिंह व उसके आठ के करीब अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।