खरड़। नर्स से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी ऑटो चालक व उसके साथी को पुलिस ने वीरवार को अदालत में पेश किया। जहां से दोनों आरोपियों मलकीत सिंह और मनमोहन सिंह को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि मोहाली के एक निजी अस्पताल की नर्स मंगलवार रात लगभग आठ बजे फेज-6 ट्रैफिक लाइट प्वाइंट से ऑटो में कुराली के लिए निकली थी। ऑटो चालक के अलावा पिछली सीट पर एक अन्य साथी पहले से ही बैठा हुआ था। ऑटो चलाने के थोड़ी देर बाद ही उन्होंने नर्स से छेड़छाड़ शुरू कर दी। कुराली रोड पर उसने चलते ऑटो से छलांग लगा दी। इस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सड़क से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने उसे घायल हालत में सरकारी अस्पताल खरड़ पहुंचाया था।