मोहाली। कोरोना महामारी पर काबू पाने के लिए लगाए गए वीकेंड लॉकडाउन को तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सख्ती बरत रही है। इसके बावजूद भी लोग नियम तोड़ने से नहीं डर रहे है। यहां तक जब पुलिस उन पर कार्रवाई करती है, तो वह अपने रसूख से फोन तक अपने जानकारों से बात करवाने से भी पीछे नहीं हटते हैं। इसके बाबजूद पुलिस ने मास्क न पहनने वाले 798 लोगों के चालान किए हैं। साथ ही 20 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। इसमें एक होटल, एक आइलटेस सेंटर, एक ढाबा, एक शराब आहता, 9 दुकानें खोलने और 8 आम लोग शामिल हैं। एसएसपी सतिंदर सिंह ने कहा कि कोविड गाइडलाइन तोड़कर लोगों की जान खतरे में डालने वाले लोगों को माफ नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस समय हालात काफी खराब चल रहे हैं। ऐसे में लोगों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
जानकारी के मुताबिक कोरोना पर काबू पाने के लिए जिला प्रशासन ने वीकेंड लॉकडाउन लगाया था। लोगों को हिदायत दी थी कि वह घर से न निकलें। पुलिस ने सभी एंट्री प्वाइंटों, बाजारों और मैरिज पैलेसों पर नजर रख रही है। इसके बावजूद लोग नियम तोड़ने से पीछे नहीं हट रहे। इस कारण मजबूरी में कार्रवाई करनी पड़ती है। पुलिस की तरफ से लोगों को हिदायत दी गई है कि वह लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू का पालन करें। हमेेशा घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनें, साथ ही कुछ अंतराल के बाद हाथ धोने की आदत को अपने जीवन का हिस्सा बना लें।
वीकेंड में ठेके से मिल रही थी शराब, सील
वीकेंड लॉकडाउन के बीच भी मनौली स्थित शराब ठेके से लोगों को शराब की सप्लाई हो रही थी। ठेके का शटर बंद था। लेकिन खिड़की से शराब की सप्लाई हो रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टीम की अगुवाई डीएसपी सिटी-2 दीपकमल कर रहे थे। उन्होंने तुरंत शराब ठेके को सील करवा दिया। साथ ही शराब ठेके के प्रबंधकों पर खिलाफ केस दर्ज किया गया।