मोहाली। साइबर क्राइम पुलिस मोहाली ने बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसईएएम) सोशल मीडिया पर अपलोड और प्रसारित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रन की साइबर टिपलाइन से मिली सूचना के आधार पर की गई।पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम अकाउंट ‘अंकित भूचो’ से एक वीडियो और 23 आपत्तिजनक तस्वीरें साझा की गई थीं। जांच में सामग्री को बाल यौन शोषण से संबंधित पाया गया, जिसे सीडी में सुरक्षित कर लिया गया है। जांच के दौरान गूगल और इंस्टाग्राम से मिली जानकारी में कई मोबाइल नंबरों और आईपी एड्रेस के माध्यम से अकाउंट संचालन का खुलासा हुआ। इनमें कुछ नंबर पंजाब और महाराष्ट्र से जुड़े पाए गए। फिलहाल एफआईआर अज्ञात के खिलाफ दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों का फॉरेंसिक विश्लेषण किया जा रहा है और जांच जारी है।