मोहाली। बेटी के वैवाहिक विवाद और तलाक के बाद परिवार को अश्लील मैसेज, आपत्तिजनक फोटो और धमकियां भेजने के मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 351(2) और आईटी एक्ट की धारा 67-ए के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एयरोसिटी निवासी शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी 2018 में मोगा निवासी प्रिंस लाहर से हुई थी। विवाद के बाद परिवार ने वर्ष 2020 में दहेज उत्पीड़न के केस दर्ज कराए थे, जो बाद में हाईकोर्ट से रद्द हो गए।
शिकायत के अनुसार इसके बाद परिवार को अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय नंबरों से अश्लील सामग्री और धमकियां भेजी गईं। जांच में करीब 130 मोबाइल नंबरों की सूची पुलिस को सौंपी गई है।
पड़ताल के दौरान प्रिंस लाहर को भी जांच में शामिल किया गया। उसने अपने बयान में आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसने कोई अश्लील मैसेज या फोटो नहीं भेजे और शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। फिलहाल पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है और मामला अज्ञात के खिलाफ दर्ज है।