मोहाली। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 में जांच के दौरान पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर विदेश के वीजा के नकली स्टीकर लगाकर भोले वाले लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले में थाना फेज-1 पुलिस ने सीआईए स्टाफ खरड़ के एसआई गुरप्रताप सिंह की शिकायत पर लुधियाना के रहने वाले दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान नितिन कुमार और साहिल घई दोनों निवासी लुधियाना के रूप में हुई है।
सीआईए स्टाफ के एसआई गुरप्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने एयरपोर्ट रोड पर स्थित चीमा चौक के पास संदिग्ध लोगों की तलाश में नाका लगा रखा था। इस दौरान उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि उक्त आरोपी फेज-7 इंडस्ट्रियल एरिया ने ओवरसीज इमिग्रेशन के नाम से दफ्तर खोलकर सोशल मीडिया और अखबारों में विज्ञापन देकर विदेश भेजने के नाम पर लोगों के पासपोर्ट पर वीजा के जाली स्टिकर लगाकर उनसे ठगी कर रहे हैं। इस सूचना के बाद उन्होंने टीम के साथ मौके पर दबिश दी लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे और उनका दफ्तर बंद था। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में छापेमारी जारी है। जल्द ही इन्हें गिरफ्तार करके इनके द्वारा ठगी का शिकार हुए लोगों के बारे में पता किया जाएगा।