जीरकपुर। बलटाना पुलिस ने एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान जतिंदर कुमार ऊर्फ लक्की निवासी बाबा दीप सिंह नगर बठिंडा हाल निवासी विकास नगर बलटाना के रूप में हुई है।
चौकी इंचार्ज गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि जतिंदर कुमार ऊर्फ लक्की नामक व्यक्ति हर मिलाप नगर फेज तीन में शराब के ठेके के पास खड़ा है। वह नशीले पदार्थों की सप्लाई करता है और खुद भी नशा करता है।
पुलिस ने जतिंदर कुमार को ठेके के पास से काबू कर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। लेकिन जब आरोपी का डोप टेस्ट करवाया गया तो टेस्ट पॉजिटिव आया। डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार जतिंदर के टेस्ट में मॉर्फीन, बरुफिन, ट्रामाटोल और बेंजोडायपिन साल्ट पाया गया। जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्जकर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर दिया है।