मोहाली। विदेश भेजने के नाम पर लोगों को ठगने वाली इमिग्रेशन कंपनियों के खिलाफ जिला पुलिस ने सख्ताई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में थाना फेज-1 की पुलिस ने अपने अधीन आने वाले एरिया में चल रही दो इमिग्रेशन कंपनियों के प्रबंधकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अभी तक दोनों कंपनियों के आरोपी मालिक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपियों को जल्दी ही काबू कर लिया जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक पहला मामला फेज-5 की एक इमिग्रेशन कंपनी के प्रबंधकों पर दर्ज किया गया है। इस कंपनी के आरोपियों में राजवीर सिंह, मनिंदर सिंह और बंगाल के एक व्यक्ति श्याम थापा पर केस दर्ज किया गया है। इन आरोपियों ने 20 लाख रुपये की ठगी की थी। आरोपियों पर धोखाधड़ी करने की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने फेज-2 के शोरूमों में चलने वाली एक इमिग्रेशन कंपनी के मालिक अमृृतपाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
सूत्रों से पता चला है कि दोनों कंपनियों के प्रबंधकों पर पहले भी केस दर्ज हो चुके हैं। लेकिन उक्त लोग नए नाम से कंपनी का ऑफिस खोलकर अपना कारोबार चला रहे थे। पुलिस का कहना है कि जिले में वह ही कंपनियां चल पाएंगी जिन्हें प्रशासन से लाइसेंस सहित मंजूरी मिली होगी।