जीरकपुर। पुलिस ने सरकार की ओर से लगाए गए रात्रि कर्फ्यू का उल्लंघन करने के आरोप में चार अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस ने आरोपियों को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया है।
जीरकपुर थाने के एसएचओ ने बताया कि डीसी के आदेश पर शाम 6 से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगा हुआ है और दुकानदार ऑड-ईवन सिस्टम से दुकानें खोल रहे हैं। इसके बावजूद ग्लोबल बिजनेस पार्क में तय समय के बाद खोले गए स्पा सेंटर के मालिक बलविंदर सिंह पर केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने पभात रोड पर गुरप्रीत सिंह, सोनल और सोनम को तय समय के बाद कपड़ों की दुकान खोलने, उसमें भीड़ जुटाने के आरोप में केस दर्ज किया गया। ढकोली पुलिस ने शाम 6 बजे के बाद दुकान खोलकर बैठे रोहित कुमार के खिलाफ धारा-188 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद पुलिस उक्त सभी लोगों को पुलिस थाने ले गई और केस दर्ज करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया। डीसी ने सभी लोगों को हिदायत दे रखी है कि तय समय पर ही दुकानें बंद कर दें और रात्रि कर्फ्यू में बेवजह न घूमें।