मोहाली। गांव कुंभड़ा (सेक्टर-70 लाइट प्वाइंट) के पास अलसुबह साढे़ तीन बजे एक कार में आए चार-पांच युवक गन प्वाइंट पर एक युवक की कार छीनकर फरार हो गए। मामले की शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम पर दी गई। वारदात कुंभडा चौक लाइट प्वाइंट व सेक्टर-70 की स्लिप रोड पर हुई। इस कारण फेज-8 थाना व मटौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में मामला मटौर थाने के अंतर्गत निकला जिसके बाद मटौर थाने में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि लुटेरों की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं और सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में 27 वर्षीय जस्सी विश्वास निवासी सेक्टर-51ए चंडीगढ़ ने बताया कि शनिवार को उसे दफ्तर से छुट्टी थी। वह शाम को अपनी कार नंबर (सीएच-01बीपी-4279) पर दोस्तों से मिलने गया था। जब वह वापस आया तो कुंभडा लाइट प्वाइंट के पास फोन आने पर वह गाड़ी रोककर फोन सुनने लगा। इतनी देर में सिल्वर रंग की गाड़ी में चार-पांच युवक आए और उसे पिस्टल दिखाकर गाड़ी से बाहर आने के लिए कहा। जब वह गाड़ी से बाहर आया तो उससे गाड़ी की चाबी छीन ली गई। बाद में उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया गया। इसके बाद वह दोनों कारें लेकर फेज-7 की ओर फरार हो गए।
जिले में गन प्वाइंट पर गाड़ी लूटने की यह चौथी वारदात
इससे पहले भी जिले में गन प्वाइंट पर चार गाड़ियां लूटी जा चुकी हैं। इसमें पहली बारदात खरड़ बस स्टैंड से टैक्सी लूट, दूसरी डीसी दफ्तर के पास हीरो होम्स से कार लूट उसके पश्चात फेज 11 मार्केट से पानीपत से आई कार लूट की वारदात व डेराबस्सी से एक टैक्सी लूट की पिछले कुछ दिनों में ही चार वारदात हो चुकी हैं। इनमें दो गाड़ियों को पुलिस ने रिकवर कर लिया है। जबकि एक मामला अभी भी नहीं सुलझा है। पीछे दिनों हुई कार लूट की कई घटनाओं में भी सिल्वर रंग की एक कार की भूमिका सामने आई थी।