जीरकपुर। जीरकपुर-पटियाला फ्लाईओवर के नीचे एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में 48 वर्षीय व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। उसको इलाज के लिए सिविल अस्पताल डेराबस्सी में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखकर उसको जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सूरज वीर निवासी फेज-1 राम दरबार चंडीगढ़ के रूप में हुई है।
इस मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे सौरभ के बयान पर अज्ञात कार चालक पर बीएनएस की धारा 106(1), 281, 324(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। ऑल्टो कार हिमाचल नंबर की थी, जिसका नंबर नोट कर लिया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सौरभ ने बताया कि उसके पिता पीजीआई में सफाई कर्मचारी थे। 9 जून को रात करीब साढ़े 10 बजे उसके पिता किसी काम के लिए रामदरबार से डेराबस्सी गए थे। जब वह जीरकपुर के दूसरे फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे तो पंचकूला साइड से हिमाचल नंबर की कार आई जिसने उसके पिता के मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उसके पिता नीचे गिर गए और सिर फुटपाथ पर लगा। कार चालक मौके से भाग गया। लोगों ने उसके पिता को डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया।