मोरनी। रविवार देर शाम एक कार गांव गझान के पास पहाड़ी इलाके में करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय कार में जीरकपुर निवासी तीन युवक सवार थे। स्थानीय निवासी देव शर्मा ने बताया कि यह हादसा गांव नाथन की ओर जाने वाली सड़क पर हुआ है। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को कार से बाहर निकाला। इनकी पहचान अतुल पुत्र देवेंद्र निवासी जीरकपुर और इसके दो अन्य साथियों के रूप में हुई है। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए मोरनी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बताया जा रहा है कि युवकों ने शराब पी हुई थी। स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर युवकों को पंचकूला के अस्पताल रेफर कर दिया। सौभाग्यवश सभी युवक सुरक्षित हैं और गंभीर चोटें नहीं आईं। हालांकि हादसे में होंडा सिटी कार को भारी नुकसान पहुंचा है। वह लगभग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर कार थोड़ी और आगे चली जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।