मोहाली। कोरोना महामारी के शिकार हुए मरीजों को इस महामारी से बेहतर और असरदार तरीके से लड़ने की कोशिश करनी चाहिए। इसके साथ ही हम मरीजों का इलाज जोश और हौसले से कर कोरोना महामारी को मात दे सकते हैं।
यह बात शनिवार को सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने उस समय कही, जब वह अपनी टीम के साथ सोहाना में बनाए गए माइक्रो कंटेनमेंट जोन में प्रबंधों का जायजा ले रहे थे। उन्होंने कहा कि मरीजों को अपने अंदर तंदुरुस्ती वाली भावना और सकारात्मक स्वभाव पैदा करना होगा। इस बीमारी से लड़ने के लिए शारीरिक क्षमता पैदा करनी होगी। कोरोना से कुछ मरीजों की मौत का कारण मरीज के अंदर जोश और हौसले की भावना रखने के बजाय डर और घबराहट पैदा होना है।
आज के समय में जरूरत है कि मरीजों को इलाज करवाने के साथ अपने तन-मन को अंदर से तंदुरुस्त रखने की भावाना पैदा करनी होगी। इसलिए पंजाबी पूरी दुनिया में पहचाने जाते है। सोहाना में सिविल सर्जन ने कहा कि शहर में सेहत सुविधाओं के इंतजाम में प्रबंधों की कोई कमी नहीं है। लोगों के सहयोग से इस बीमारी पर काबू पाया जा सकता है। उन्होंने तंदुरुस्त हो चुके लोगों को कहा कि वह विभिन्न माध्यमों से लोगों में जोश भरें। उन्होंने पैरा मेडिकल स्टाफ और अन्य सेहत मुलाजिमों की ओर से किए जा रहे काम की प्रशंसा की। उन्होंने लोगों से कहा कि जिसे भी किसी तरह के बीमारी के लक्षण दिखें, वह तुरंत अपना इलाज करवाएं।
इस अवसर पर जिला सेहत अफसर डॉ. सुभाष कुमार, सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. कुलजीत कौर, रूरल मेडिकल अफसर डॉ. संगीता पाल कौर, हेल्थ इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह, दिनेश चौधरी, गुरविंदरजीत सिंह, एएसआई सतनाम सिंह, सेहत वर्कर गुरचरन सिंह मौजूद थे।
बाहर जाने के बजाय ऑनलाइन काम कर बचें कोरोना से
सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर घर से बाहर निकलें। इसके साथ ही घर से बाहर निकलते समय मास्क, रूमाल, कपड़े, चुन्नी, परने आदि से मुंह को जरूर ढकें। वहीं, एक दूसरे से उचित दूरी रखें और साबुन आदि से बार-बार हाथ धोते रहें। सिविल सर्जन ने दोहराया कि पानी, सीवरेज और बिजली का बिल भरने, लोन की किस्तें, वाहन का बीमा करवाने, रसोई गैस का सिलिंडर भरवाने आदि काम के लिए जहां तक हो सके ऑनलाइन सिस्टम अपनाना चाहिए। किसी भी तरह की मुश्किल आने पर सेहत विभाग की हेल्पलाइन पर तुरंत फोन करेें।