कैफेटेरिया में छात्रों को भारतीय, दक्षिण भारतीय और इंडो-चाइनीज व्यंजनों के साथ कई तरह के स्नैक्स और डेजर्ट भी मिलेंगे। इसमें ब्लेंड बाउल, बिग मील, एनर्जी पॉट, बेली मील, मॉर्निंग प्लेट्स, साउथ साइड, मोमो, मोजो, वोक बाइट्स और अन्य व्यंजन शामिल होंगे।
एम्स मोहाली में पढ़ाई, रिसर्च और अस्पताल की ड्यूटी में व्यस्त रहने वाले एमबीबीएस, एमडी और एमएस के छात्रों को जल्द बड़ी राहत मिलने जा रही है। संस्थान में आधुनिक सुविधाओं से लैस नई कैफेटेरिया शुरू होने वाला है जहां छात्रों को सुबह 7 बजे से रात 1 बजे तक भोजन उपलब्ध होगा। इससे देर रात तक पढ़ाई करने वाले छात्रों और अस्पताल में इमरजेंसी व अन्य ड्यूटी संभालने वाले छात्रों को काफी सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन
नई व्यवस्था शुरू होने के बाद छात्रों को भोजन के लिए मेस की निर्धारित समय-सारणी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। अक्सर क्लास, प्रेक्टिकल, रिसर्च कार्य या अस्पताल की ड्यूटी के कारण छात्र समय पर मेस नहीं पहुंच पाते थे। ऐसे में उन्हें बाहर से खाना मंगवाना पड़ता था या फिर परिसर से बाहर जाना पड़ता था।
कैफेटेरिया शुरू होने के बाद उन्हें कैंपस के अंदर ही हर समय बेहतर भोजन की सुविधा मिल सकेगी। फिलहाल एम्स मोहाली में छात्रों के लिए केवल एक मेस संचालित है, जहां नाश्ता, दोपहर और रात के भोजन का समय पहले से तय है। नई कैफेटेरिया में छात्रों के बैठकर भोजन करने के लिए बेहतर माहौल भी तैयार किया जाएगा। इससे छात्रों के समय की बचत होगी और उनकी सुविधा में भी इजाफा होगा।
कैफेटेरिया में छात्रों को भारतीय, दक्षिण भारतीय और इंडो-चाइनीज व्यंजनों के साथ कई तरह के स्नैक्स और डेजर्ट भी मिलेंगे। इसमें ब्लेंड बाउल, बिग मील, एनर्जी पॉट, बेली मील, मॉर्निंग प्लेट्स, साउथ साइड, मोमो, मोजो, वोक बाइट्स और अन्य व्यंजन शामिल होंगे।
इसके संचालन के लिए एम्स प्रशासन ने ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। संस्थान का उद्देश्य छात्रों को परिसर में ही साफ-सुथरा, गुणवत्तापूर्ण और किफायती भोजन उपलब्ध कराना है। नई सुविधा शुरू होने से एम्स मोहाली के छात्रों को पढ़ाई और ड्यूटी के व्यस्त शेड्यूल के बीच भोजन को लेकर होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
एम्स मोहाली के फार्माकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अश्वनी ने बताया कि नई कैफेटेरिया को अमृतसर, पटियाला और फरीदकोट मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध सुविधाओं की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। यहां छात्रों को अच्छी गुणवत्ता वाला वेज और नॉनवेज भोजन रियायती दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा।