मोहाली। सेक्टर-77 स्थित महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट में एक प्रेरणादायक सत्र का आयोजन किया गया। इसमें विक्टोरिया क्रॉस और महावीर चक्र से सम्मानित जांबाज सैनिक जमादार नंद सिंह की बेटी अमरजीत कौर ने कैडेट्स से संवाद किया। इस सेशन का उद्देश्य युवाओं को नंद सिंह की वीरता और बलिदान से परिचित करवाना और उन्हें देश सेवा और अनुशासन के प्रति प्रेरित करना था। अमरजीत कौर ने अपने पिता के साहसिक कार्यों की कहानियां साझा की और जीवन में दृढ़ संकल्प व अनुशासन के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि कैसे जमादार नंद सिंह ने द्वितीय विश्व युद्ध में बर्मा के अराकान क्षेत्र में शौर्य दिखाया और फिर 1947-48 के कश्मीर युद्ध में वीरगति पाई। संस्थान के निदेशक सेवानिवृत्त मेजर जनरल अजय एच. चौहान ने कहा कि जमादार नंद सिंह की विरासत देशभक्ति, निडरता और निःस्वार्थता का प्रतीक है। उनकी वीर गाथा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।