लालड़ू। इलाके में दो शातिरों ने डेबिट कार्ड बदलकर फैक्टरी कर्मचारी के बैंक खाते से 35 हजार रुपये उड़ाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।जानकारी के मुताबिक पीड़ित मंगूराम निवासी लालड़ू मढौर, अंबाला में एक फैक्टरी में काम करता है। उसको पिछले दिनों फैक्ट्री से करीब साढ़े 34 हजार रुपये तनख्वाह मिली थी और कुछ रुपये पहले से उसके खाते में थे। वह शुक्रवार की रात करीब आठ बजे अपना डेबिट कार्ड लेकर अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित पीएनबी शाखा लालड़ू निकट पेट्रोल पंप से पैसे निकालने गया था। एटीएम से पैसे न निकलने के कारण वह बाहर आ गया था। इसी समय एटीएम के बाहर खड़े दो युवकों ने उसे अपनी बातों में उलझाकर फिर से एटीएम बूथ में ले गए और डेबिट कार्ड मशीन में डालकर पैसे निकालने के लिए कहा। जब उसने डेबिट कार्ड मशीन में डाल कर पासवर्ड दबाया तो उन्होंने चालाकी से उसका पासवर्ड देख लिया। लेकिन फिर से पैसे नहीं निकले।
इसी समय शातिरों ने धोखे से उसका डेबिट कार्ड बदलकर दूसरा उसके हाथ में थमा दिया। इसका उसे पता नहीं चल सका। वहां से वह बाजार होते हुए कुछ देर बाद घर चला गया। मंगूराम ने बताया कि घर पहुंचते ही उसके मोबाइल पर 35 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। उसने जब अपना डेबिट कार्ड देखा तो वह बदला हुआ था। उसने बताया कि उसका डेबिट कार्ड बूथ में खड़े दोनों शातिरों ने धोखे से बदल लिया था और पूरी रकम निकाल ली।