मोहाली। सेक्टर-89 में एक फॉर्च्यूनर की टक्कर से 67 वर्षीय कारोबारी की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जीरकपुर निवासी विकास जैन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने पिता सतीश कुमार जैन के साथ सेक्टर-89 के अपने दफ्तर में काम करता है। 26 अप्रैल को दोपहर करीब सवा दो बजे उनके पिता अपनी स्विफ्ट कार में घर के लिए निकले, जबकि विकास अपनी कार से उनके पीछे-पीछे जा रहा था।
करीब सवा दो बजे जब सतीश कुमार जैन सेक्टर-89 के एक चौराहे के पास रोड क्रॉस कर रहा था, उसी दौरान बाईं ओर आई फॉर्च्यूनर कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट कार घूमकर फुटपाथ से जा टकराई। हादसे में सतीश कुमार जैन के सिर में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। घटना के तुरंत बाद विकास जैन ने पिता को संभाला। इस दौरान आरोपी चालक मौके पर आया, जिसकी पहचान अमृतसर के बाबा बकाला निवासी दविंदरपाल सिंह के रूप में हुई। हालांकि, लोगों की भीड़ जुटते ही आरोपी अपनी कार मौके पर छोड़कर भाग गया। राहगीरों की मदद से घायल को तुरंत सोहाना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है।