जीरकपुर। अंबाला से चंडीगढ़ जा रही एक मोटरसाइकिल की जीरकपुर स्थित कॉस्मो मॉल के पास एक सांड़ से टक्कर हो गई। यह हादसा इतना भीषण था कि सांड़ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही नगर परिषद के कर्मचारी मिट्ठू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत सांड़ को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा अचानक सांड़ के सड़क पर आ जाने के कारण हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर लावारिस पशुओं की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे आए दिन ऐसे हादसे होते रहते हैं। जीरकपुर नगर परिषद के सेनिटेशन इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई मृत सांड़ को सड़क से हटाया। पुलिस का कहना है कि मोटरसाइकिल चालक की जानकारी एकत्रित की जा रही है।
लावारिस पशुओं की समस्या: जीरकपुर-लालड़ू मार्ग पर लावारिस पशु रोजाना घूमते हैं। ढकोली, पीरमुछल्ला, भबात रोड और हाईवे इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित हैं।
रात और बारिश में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से हाईवे और शहर की मुख्य सड़कों से लावारिस पशुओं को हटाने के लिए नियमित अभियान चलाने की मांग की है। दो दिन पहले लालड़ू में लावारिस पशु से बचने के प्रयास में हुए एक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी। लोगों ने गोशालाओं की क्षमता बढ़ाने और पशु मालिकों पर कार्रवाई की भी मांग की है।