जीरकपुर। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) का नेटवर्क बुधवार सुबह से लेकर वीरवार दोपहर तक करीब 24 घंटे प्रभावित रहा। नेटवर्क में आई तकनीकी खराबी के चलते जीरकपुर, बलटाना, ढकोली सहित आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कॉलिंग बार-बार कटती रही, इंटरनेट स्पीड बेहद धीमी रही और कई उपभोक्ताओं के फोन पर नो नेटवर्क का संदेश आता रहा। नेटवर्क ठप रहने से नौकरीपेशा लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित रही।
कई कर्मचारी निर्धारित समय पर ऑनलाइन मीटिंग अटेंड नहीं कर पाए, इससे कार्यालय के कार्य प्रभावित हुए। वहीं ऑनलाइन क्लास लेने वाले विद्यार्थियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। डिजिटल युग में बढ़ती निर्भरता के बीच ऑनलाइन भुगतान सेवाएं भी बाधित रहीं। इस कारण कई लोगों के जरूरी लेन-देन अटक गए। इस संबंध में चंडीगढ़ स्थित बीएसएनएल कार्यालय में कार्यरत एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि तकनीकी कारणों की वजह से नेटवर्क में अस्थायी दिक्कत आई थी। हमारी टीम ने समस्या को दूर कर दिया है और अब स्थिति सामान्य है।
यह बोले-पीड़ित लोग
निजी कंपनी में कार्यरत हूं। बुधवार सुबह से ही नेटवर्क गायब है। दो महत्वपूर्ण मीटिंग मिस हो गईं। इससे काफी असुविधा हुई। कंपनी अपने उपभोक्ताओं को परेशान कर रही है समझ नहीं आ रहा है। क्या कर्मचारियों को नहीं पता कि आज के समय में फोन कितना जरूरी है।- राकेश सिंह
मैं रोजाना ऑनलाइन क्लास लेता हूं, लेकिन नेटवर्क नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई। कई बार दोबारा कनेक्ट करने की कोशिश करनी पड़ी। यहां तक कि कॉलिंग भी नहीं हुई है। ऐसी स्थिति पहले भी कई बार हो चुकी है। -देवेश कुमार
आजकल ज्यादातर ग्राहक ऑनलाइन भुगतान करते हैं। नेटवर्क न होने से कई ट्रांजेक्शन फेल हो गए और व्यापार पर असर पड़ा। ऐसा बीएसएनएल में ही क्यों होता है? पहले भी कई बार इस तरह की समस्या देखने को मिली है। जीओ और एयरटेल में तो इस तरह की दिक्कत नहीं आती है। - शंकर दयाल
आज का दौर इंटरनेट का दौर है। अगर एक घंटे के लिए भी मोबाइल में नेटवर्क नहीं होते हैं तो भारी दिक्कत होने लगती है, बीएसएनएल को करीब 24 घंटे हो गए। न तो फोन आ रहे हैं और न ही कॉलिंग हो रही है। गंभीर समस्या बनी हुई है।- बालकिशन सिंह
केवाईसी भी अपडेट करवाएं
बीएसएनएल के नियमानुसार सिम की केवाईसी करना जरूरी होता है। कई बार पुराने उपभोक्ताओं को जानकारी के अभाव में या पुराना सिम कार्ड होने के चलते केवाईसी नहीं हो रही होती है। जिसके चलते नेटवर्क की दिक्कत देखने को मिलती है। इसके लिए बीएसएनएल उपभोक्ताओं को नजदीकी बीएसएनएल दफ्तर में जाकर केवाईसी करानी चाहिए। केवाईसी के लिए एक आईडी प्रूफ की आवश्यकता होती है। अगर इसके अलावा भी बीएसएनएल उपभोक्ता का नेटवर्क काम नहीं करता है या फोन कॉल करने में किसी भी तरह की कोई दिक्कत आती है। तो वह अपने फोन में बीएसएनएल के सिम से टैक्स मैसेज में बीएसएनएल 58355 लिखकर मैसेज सेंड करें। इसके बाद करीब दस मिनट के लिए स्विच ऑफ कर दें। दस मिनट बाद फोन ऑन करने पर नेटवर्क काम करने लगेगा। - चंचल , कस्टमर केयर बीएसएनएल