जीरकपुर। क्षेत्र में चार अलग-अलग सड़क हादसों ने एक बार फिर ट्रैफिक सुरक्षा व निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कालका-शिमला हाईवे पर के-एरिया फ्लाईओवर पर दोपहर सवा तीन बजे सफाई वाहन पीछे लुढ़क गया। वह मुख्य लेन में आकर सामने से आ रही ऑडी कार से टकरा गया। चालक सौरव अग्निहोत्री ने बताया कि वे जीरकपुर से पंचकूला घर जा रहे थे, तभी ट्रॉली बीच में आ गई। टक्कर से कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। इस दौरान कुछ देर के लिए जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि बिना बैरिकेडिंग व संकेतक के वाहन खड़ा करना हादसे के लिए जिम्मेदार है। राहुल सोलख, एनएचएआई अधिकारी ने कहा कि इसकी जानकारी मिल चुकी है, टीम भेज दी है। हादसे की जांच करवा रहे हैं। इसके अलावा देर रात फ्लाईओवर पर एक अन्य हादसे में बिग बाजार के सामने तेज रफ्तार कार का टायर फटने के कारण डिवाइडर पर चढ़ने से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक अजय कुमार सुरक्षित निकला। पुलिस ने बताया कि टायर फटा होने से वाहन अनियंत्रित हुआ और क्रेन की मदद से कार हटाकर यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने हाईवे पर नियमित वाहन जांच की सलाह दी है।
वहीं डी-मार्ट के पीछे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने लोडिंग टेंपो को टक्कर मार दी, जिसमें टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो चालक नशे में था और हादसे के बाद भाग गया। सड़क सुरक्षा फोर्स ने एक युवक को हिरासत में लिया है और पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। घायल टेंपो चालक की आंख पर पांच टांके लगे हैं और अन्य चोटें हैं।
ढकोली में डीपीएस स्कूल के पास भी एक खौफनाक हादसा हुआ, जब 19 वर्षीय डिलीवरी ब्वाय नीरज कुमार ओवरटेक की कोशिश में ट्राले के नीचे आ गया। हादसे में उसकी टांग कुचल गई है। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि वह ट्राले को ओवरटेक कर रहा था और संतुलन खोते ही ट्राले के नीचे आ गया। लोगों ने इलाज के लिए उसे पंचकूला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने ट्राले चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।