मोहाली। चप्पड़चिड़ी फतेहबुर्ज के पास हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया था। दो नशेडियों ने 5 अगस्त को 22 वर्षीय युवक फरासत उर्फ चन्नू की कुल्हाड़ी से हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया था। नशेडियों पर खून इस कद्र सवार था कि हत्यारों ने दरिंदगी की सभी हदें पार कर दी। फरासत का सिर धड़ से अलग करने के बाद हत्यारे गुरतेज ने लाश की छाती पर बैठकर वीडियो बनाई। हत्यारा गुरतेज छाती पर बैठा और साथी बलकार के मोबाइल से वीडियो बनावाई थी। इस समय दोनों नशे में चूर थे। वहीं, कुछ
मिनट का बनाया गया यह वीडियो हत्यारों को जेल तक पहुंचाने में पुलिस के लिए अहम सबूत बना। हत्यारे पहचान छिपाने के लिए फरासत का सिर बोरी में डालकर साथ ले गए थे और सेक्टर-91 में सुनसान जगह फेंका था। पुलिस को सिर दो दिन बाद बरामद हुआ था। इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा ढाई महीने बाद हुआ है। दोनों हत्यारों गुरतेज और बलकार को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों को न्यायिक हिरासत में रोपड़ जेल भेज दिया गया है। इस ब्लाइंड मर्डर को हल करने में पुलिस को ढाई महीने लग गए क्योंकि बलौंगी थाना पुलिस व सीआईए टीम हत्यारों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही थी।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने हत्या वाली जगह से मोबाइल डंप उठाया था और से मिले मोबाइल डंप में पुलिस के हाथ एक क्लू लगा था। पुलिस को हत्यारों का मोबाइल ट्रेस हुआ, जिस पर पुलिस कड़ी दर कड़ी जोड़ती चली गई और उन्हें क्लू मिलता गया। अंत में पुलिस ने मोबाइल व दोनों आरोपियों को ट्रेस कर लिया और जब उनके मोबाइल की जांच की तो उसमें फरासत की हत्या का वीडियो मिला। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बलकार 28 वर्ष का है और गांव चंडियाला सूदा सोहाना का रहने वाला है और गुरतेज उर्फ तेजी 21 साल का है और सोहाना रहता है। दोनों ही नशेड़ी है। हत्या के समय भी वह नशे में थे।
सितंबर में होनी थी फरासत की शादी
मृतक फरासत मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला था और पंजाब में जिला पटियाला के गांव दलतपुर में रह रहा था। रोजाना चाचा के बेटे के साथ पटियाला से मोहाली कूडा उठाने आता था। फरासत की हत्या 5 अगस्त को हुई थी। एक महीने बाद 21 सितंबर को उसकी शादी थी। उसकी मां की मौत हो चुकी है। वह छह भाई-बहन थे। घर खर्च के लिए फरासत ही काम करता था।