मोहाली में कोरोना का टीका लगवाता स्थानीय निवासी।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। जिले में कोरोना संक्रमण ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रविवार को जिले में अब तक की एक दिन में सबसे ज्यादा संख्या 880 संक्रमितों की पाई गई और तीन कोरोना पीड़ितों की मौत हुई है। वहीं मोहाली जिले में संक्रमण से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 502 पहुंच गया।
रविवार को यह कोरोना काल में एक दिन में संक्रमित होने वाले लोगों की सबसे बड़ी संख्या है। साथ ही जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 6211 पर पहुंच गई है। डीसी गिरीश दियालन ने लोगों से अपील की है कि वह कोरोना दिशानिर्देशों का पालन करें, ताकि इस महामारी को मात दी जा सके। मोहाली जिले में कोरोना संक्रमण पूरी तरह से गहराया हुआ है। रविवार को जिले में संक्रमित हुए 880 लोगों में से 370 लोग अकेले मोहाली शहर के हैं। इनके अलावा खरड़ मेें 194, ढकोली में 136, डेराबस्सी में 57, घडुआं में 55, बूथगढ़ में 32, लालड़ू में 20 और बनूड़ में संक्रमण के 5 मामले सामने आए हैं। वहीं रविवार को 448 लोगों ने कोरोना से निजात पाई है।
जिले में अभी तक कोरोना संक्रमण के कुल 36073 मामले सामने आ चुके हैं। जबकि 29360 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं अभी कोरोना के 6211 केस सक्रिय हैं।