वोल्वो बस चंडीगढ़ के पास जीरकपुर में सड़क हादसे का शिकार
- फोटो : demo pic
जीरकपुर में इंडस्ट्रियल एरिया के फेज-1 स्थित ऑटो पेस मारुति-सुजुकी के शोरूम में जॉब करने वाले युवक की बुधवार को हादसे में मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की सिर में गहरी चोट आई थी। मृतक की पहचान निहाल (23) निवासी फेज-3बी1 मोहाली के रूप में हुई है। पुलिस ने वीरवार को डेराबस्सी सिविल हॉस्पिटल मे पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दूसरी ओर, हादसे में निहाल की मौत की खबर जब ऑफिस स्टाफ को मिली तो कंपनी के मैनेजर अन्य कर्मियों सहित जीरकपुर पुलिस स्टेशन पहुंच गए।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता राजू ने बताया कि निहाल इंडस्ट्रियल एरिया के फेज-1 स्थित आटो पेस मारुति-सुजुकी नामक शोरूम में वह सेल्समैन था। बुधवार को निहाल काम के सिलसिले में डेराबस्सी गया था। काम खत्म करने के बाद बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वापस जा रहा था। इस दौरान जीरकपुर में होटल पार्क प्लाजा के बाहर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक का सिर सड़क से जा टकराया। हालांकि, उसने हेलमेट पहन रखा था, जो टूट गया। आसपास लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उसे जीएमसीएच-32 में दाखिल करवाया। जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके पिता राजू ने बताया कि निहाल ने बीए पास करने के बाद इस कंपनी में जॉब शुरू कर दी। उसने सैलरी में से सेविंग करके एक सेकेंड हैंड बाइक खरीदी थी। उसनके पिता ने बताया कि वह मोहाली में लेडिज सूट की कढ़ाई का काम करते है, जिसमें निहाल हाथ भी बटाता था।