जीरकपुर। सोमवार देर शाम करीब नाै बजे पीरमुछल्ला की मेट्रो टाउन सोसाइटी के फ्लैट नंबर 153 सी में जालंधर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (सीआईए) और जीरकपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में दो हत्या के आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए थे। दोनों घायल आरोपी आकाशदीप सिंह और गौरव कपिला को मंगलवार को डेराबस्सी से जीएमसीएच-32, चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। यहां दोनों की सर्जरी होनी है। वहीं, ढकोली थाने के एसएचओ सिमरनजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल दोनों अस्पताल में भर्ती हैं, ठीक होने पर पूछताछ की जाएगी। इनसे कोई रिकवरी नहीं हुई है और जिस फ्लैट मालिक के फ्लैट में दोनों रह रहे थे उसे गिरफ्तार नहीं किया है। जालंधर पुलिस दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर जालंधर ले जाएगी। यह दोनों 10 मई को जालंधर में किसी की हत्या करके यहां आकर छिपे थे। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में गौरव कपिला के पैर पर और आकाशदीप सिंह की बाजू पर गोली लगने से वह घायल हुए हैं।
मोहाली के एसपी (डिटेक्टिव) गौरव जिंदल ने बताया कि आरोपी आकाशदीप सिंह और गौरव कपिला ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों को गोली लगी। दोनों को तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इन दोनों को 10 मई की हत्या में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और इनके आपराधिक रिकॉर्ड भी बताए जा रहे हैं। घटनास्थल से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।