जीरकपुर। गांव भबात क्षेत्र में पड़ते शिवा एनक्लेव में पार्किंग को लेकर दो परिवारों में विवाद हो गया। झगड़े ने कुछ ही देर में खूनी रूप ले लिया। झगड़े में दोनों परिवारों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों परिवार एक दूसरे पर उनके घरों में घुसकर हमला करने और कार के शीशे तोड़ने के आरोप लगाते हुए थाना जीरकपुर में शिकायत लेकर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। इस मामले में एक पक्ष के नरेश भाटिया ने बताया कि उसने घर के सामने अपना मोटरसाइकिल खड़ी की थी। इससे गुस्साए पड़ोसियों ने उसकी बाइक नुकसान पहुंचाया। जब उसने उन्हें ऐसे करने से रोका तो पड़ोसियों ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया और कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद रात करीब एक बजे करीब 15 लोग उनके घर में घुस गए और तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। उनकी ऐसी कोई रंजिश भी नहीं थी कि बात इस हद तक पहुंच जाए। उन्हें अंदाजा नहीं था कि पार्किंग का झगड़ा इतना भयंकर रूप धारण कर लेगा। इसकी जानकारी पुलिस को उसी समय दी थी, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही हमलावर मौके से फरार हो गए थे। हमले में उनके बेटे हर्ष भाटिया के सिर में गंभीर चोट लगी है और उनकी पुत्रवधू शिवानी आठ महीने की गर्भवती है। उसे भी चोट काफी चोटें लगी है। उसका बड़ा बेटा मनीष भी गंभीर रूप से घायल है।
वहीं, दूसरे पक्ष के परिवार से शिव नारायण ने बताया कि उसका भाई गाड़ी खड़ी करने जा रहा था और पड़ोसी को पार्किंग से मोटरसाइकिल हटाने को बोला था, लेकिन उन्होंने बाइक नहीं हटाई। इतने में ही नरेश भाटिया के परिवार ने उसके परिवार पर हमला कर दिया। जब दोनों परिवारों में बहस चल रही थी तब वह रात करीब साढ़े 11 बजे जीरकपुर थाने आया था। लेकिन यहां गेट बंद था, इसके बाद उससे थाने के बाहर लिखे नंबर पर कॉल कर मामले की सारी जानकारी दे दी थी। इसके बाद वह घर आ गए थे, लेकिन रात करीब एक बजे 15-16 हमलावरों ने उनके घर पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके घर व कार के शीशे तक तोड़ दिए और पुलिस के आने के डर से मौके से फरार हो गए।
कोट
शिवा एनक्लेव में पार्किंग विवाद को लेकर बीती रात दो परिवारों के बीच झगड़ा होने की शिकायत मिली है। दोनों परिवार एक दूसरे पर हमला करने का आरोप लगा रहे है। सच क्या है यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत ले ली गई है और जांच भी शुरू कर दी गई है। -राजेश चौहान, जांच अधिकारी, थाना जीरकपुर