मोहाली। पावरकॉम विभाग में कार्यरत जेई स्तर के अधिकारियों की अपनी मांगों को लेकर चल रही हड़ताल के 34वें दिन भाजपा नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल मिलने पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की मांगों को जायज बताते हुए पंजाब सरकार से जल्द से जल्द लागू करने की अपील की।
जानकारी के मुताबिक, फेज-7 स्थित पावरकॉम विभाग में कार्यरत जेई की मुख्य मांग वेतन को लेकर हैं, जो अभी 17,450 रुपये प्रतिमाह हैं। लेकिन पंजाब सरकार में कार्यरत जेई स्तर के अधिकारी 18,250 रुपये प्रतिमाह ले रहे हैं। बीते दिनों में पावरकॉम विभाग की हुई बैठक में जेई स्तर के अधिकारियों को 19,770 रुपये प्रतिमाह वेतन देने का फैसला लिया गया था, जिसको अभी तक लागू नहीं किया गया। इसके चलते पावरकॉम विभाग के जेई अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे हैं। सोमवार को भाजपा नेता हरजीत ग्रेवाल ने हड़ताल पर बैठे पावरकॉम विभाग के कर्मचारियों से मुलाकात की और कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव भाजपा की सरकार बनने के बाद उनकी मांगों को पहल के आधार पर हल किया जाएगा।