जीरकपुर। भाजपा नेता संजीव खन्ना ने हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा और नगर परिषद प्रशासन पर राजनीतिक भेदभाव करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने त्योहारों के शुभकामना पोस्टर हटाने में भेदभाव और अपनी निजी जमीन पर बिना अनुमति निर्माण करवाने का मामला उठाया।
खन्ना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नगर परिषद विपक्षी नेताओं के शुभकामना पोस्टर हटा रही है, जबकि सत्ताधारी दल के पोस्टर लगे रहने दिए जा रहे हैं। उन्होंने मेट्रो के सामने बने लोहे के फुटओवर ब्रिज का उदाहरण दिया, जहां से उनका पोस्टर हटा दिया गया, लेकिन सत्ताधारी पक्ष का पोस्टर बरकरार है। उन्होंने सवाल उठाया कि नियम सभी के लिए समान हैं तो कार्रवाई में भेदभाव क्यों किया जा रहा है? खन्ना ने ढकोली स्थित अपनी निजी जमीन पर बिना अनुमति दीवार बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि अदालत का फैसला उनके पक्ष में आने के बावजूद यह निर्माण हुआ। उन्होंने पूछा कि किसके आदेश पर उनकी जमीन पर निर्माण कराया गया।
विकास पर ध्यान देने की अपील
संजीव खन्ना ने विधायक रंधावा और नगर परिषद प्रशासन से राजनीतिक भेदभाव छोड़कर क्षेत्र के विकास पर ध्यान देने की अपील की। खन्ना ने यह भी बताया कि पहले भी एसडीएम के निर्देश पर इसी जमीन से झूले हटाए गए थे। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता सब देख रही है और समय आने पर वोट से जवाब देगी।