खरड़। शहर में सोमवार देर रात मास्क लगाकर आए बाइक सवार चोरों ने चार दुकानों के ताले तोड़कर दुकानों में रखी नकदी लूट ली और इसके बाद फरार हो गए। इतना ही नहीं एक करियाना स्टोर से मंहगी चॉकलेट, सिगरेट और माउथ फ्रेेशनर समेत ले गए। कुछ जगह आरोपी कैमरे में कैद हुए है। हालांकि पहचान में नहीं आ रहे हैं। पुलिस इलाके में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है। पुलिस ने मोबाइल फोन कॉल्स का डंप भी लिया है। इसी मामले को लेकर दुकानदारों ने विधायक अनमोल गगन मान से भी मुुलाकात की है। चोरों ने देर रात तीन बजे एक के बाद एक चार दुकानों के ताले काटकर दुकानों के कैश बॉक्स में रखी नकदी लूट ली। चोरी की तीन वारदात बडाला रोड पर अनाज मंडी के निकट और एक वारदात दर्पण सिटी के बाहर एक बिजली की दुकान में की।
इस संबंधी न्यू गुरु कृपा इलेक्ट्रॉनिक के मालिक मान सिंह ने बताया कि चोर दुकान में रखे 16 हजार रुपये ले गए। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। चोर एक बाइक पर आए जिनके मुंह मास्क से ढके हुए थे। चोरी की दूसरा घटना गुरु गोबिंद डेयरी बडाला रोड पर हुई। डेयरी के मालिक शाम सिंह ने बताया कि चोर दुकान के ताले तोड़कर कैश बाक्स में रखे 3800 रुपये ले गए हैं। चोरी की तीसरी वारदात अर्श करियाना स्टोर पर हुई, दुकान के मालिक ने गगनदीप सिंह ने बताया कि चोर दुकान में रखी पांच हजार रुपये की नकदी, महंगी सिगरेट व चॉकलेट ले गए हैं।
चोरी की चौथी वारदात बडाला रोड पर प्लानी रेस्टोरेंट के शटर के कुंडे काटकर की गई। यहां से चोरों ने आगे लगा शीशे का दरवाजा भी तोड़ दिया और कैश बॉक्स में रखे 5000 रुपये की नकदी चोरी करके फरार हो गए। चोरी की पांचवीं वारदात बडाला रोड पर ही सूद करियाना स्टोर में होने से बच गई। क्योंकि चोरों ने इस दुकान का अभी एक ताला काटा ही था कि किसी पड़ोसी ने आवाज दी तो चोर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। सभी दुकानदारों ने खरड़ सिटी पुलिस में चोरी की वारदातों की शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।