मोहाली। एफएसएल दफ्तर में बतौर वैज्ञानिक आफिसर (डीएनए) पद पर तैनात महिला से फेज-4 रिहायशी एरिया में बाइक पर आया युवक सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। झपटमार ने शाम सवा पांच बजे वारदात को अंजाम दिया और पल्सर मोटरसाइकिल पर भाग गया। बाइक की नंबर प्लेट मुड़ी थी, इस कारण उसका नंबर नोट नहीं हो पाया। इस मामले में रवि दीपिका ने फेज-1 थाने में पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में वारदात के आसपास कोठियों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि पल्सर का नंबर नोट हो सके।
31 वर्षीय रवि दीपिका जोकि मूल रूप से लुधियाना जिले के गांव सलेमपुरा की रहने वाली है। वह सेक्टर-69 में किराये के मकान पर रहती हैं। पीड़िता एफएसएल दफ्तर फेज-4 में बतौर वैज्ञानिक अफसर डीएनए तैनात है। शनिवार शाम वह अपनी ड्यूटी से छुट्टी होने उपरांत अपनी सहेली हरप्रीत कौर के साथ फेज-4 के रिहायशी एरिया में जा रही थी। शाम करीब सवा पांच बजे जब वह सड़क पर जा रही थी, तो पीछे से पल्सर मोटरसाइकिल पर एक युवक आया। उसके बराबर मोटरसाइकिल लगाकर आरोपी ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली। उसने काफी शोर मचाया लेकिन वह स्पीड से भाग गया और पल्सर का नंबर भी नोट नहीं हो पाया। उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दी। पीसीआर मौके पर पहुंची और फेज-1 थाने में ड्यूटी आफिसर को इसकी सूचना दी।