कोरोना महामारी के चलते पहले पूरे पंजाब में कोरोना हॉटस्पॉट बन चुके वीआईपी जिले मोहाली के लिए शुक्र है कि शुक्रवार का दिन वाकई बड़ी राहत भरा रहा। क्योंकि एक साथ 35 लोगों की ओर से कोरोना से जिंदगी की जंग जीतने से जिले में कुल 105 मरीजों में सिर्फ 7 एक्टिव मरीज ही रह गए हैं। वहीं यह भी बड़ी खुशी की बात है कि लगातार चौथे दिन भी कोई नया कोरोना का पॉजिटिव केस नहीं आया है।
इसकी पुष्टि करते हुए मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने कहा कि केंद्र और पंजाब सरकार की ओर से जारी की गई नई गाइडलाइन के तहत उक्त लोगों की अस्पताल से छुट्टी हुई है। क्योंकि इनमें अस्पताल में भरती होने के 10 दिन के बाद कोरोना संबंधी कोई लक्षण सामने नहीं आए थे। इन सब का इलाज बनूड़ स्थित ज्ञान सागर अस्पताल में चल रहा था। हालांकि सभी मरीजों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वह अगले 7 दिनों तक होम क्वारंटीन में रहेंगे।
उन्हें घर से बाहर जाने की अनुमति कतई नहीं होगी और इसके साथ ही कोरोना से बचने के लिए सभी मानकों को लेकर पूरी सावधानियां बरतनी होंगी। इसके साथ ही सेहत विभाग की टीमों की ओर से उनकी नियमित जांच की जाएगी। दूसरी तरफ अब मोहाली आरेंज से ग्रीन जोन में आ जाएगा। जल्दी ही इस संबंधी केद्र सरकार की ओर से नोटिफिकेशन जारी कर दी जाएगी। जिला प्रशासन के लिए यह राहत की खबर है। उम्मीद है कि जल्दी ही अब जिले में अन्य गतिविधियां भी शुरू हो पाएंगी।
मिली जानकारी के मुताबिक मोहाली में अब तक कुल 105 कोरोना के केस सामने आए हैं। इनमें से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, अब 95 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि मात्र 7 एक्टिव केस रह गए हैं। इससे पहले 60 मरीजों को पहले ही छुट्टी मिल चुकी है। इनमें से कुछ मरीजों का इलाज चंडीगढ़ के अस्पताल में भी हुआ था। सिविल सर्जन ने बताया कि बाकी सभी मरीजों का इलाज ज्ञान सागर अस्पताल बनूड़ में चल रहा है। जबकि सभी मरीजों की हालत स्थिर है और कोई भी गंभीर स्थिति में नहीं है। इसी बीच सिविल सर्जन ने डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों का उनकी कड़ी मेहनत के लिए धन्यवाद किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे बीमारी से डरें नहीं और अच्छी डाइट लें और सभी सावधानियों का पूरा ध्यान रखें।
अस्पताल आने के बजाय हेल्पलाइन पर लें सलाह
सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने फिर से लोगों से अपील की है कि वे छोटी-मोटी बीमारी होने पर घरों से न निकलें। केवल तभी बाहर जाएं जब कोई ज्यादा जरूरी हो। वहीं, गंभीर समस्या या बीमारी में उन्हें अस्पतालों का दौरा करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा लोगों को हेल्पलाइन नंबर-104 पर संपर्क करने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही बार-बार हाथ धोने और सोशल डिस्टेंसिंग को कायम रखने की भी सलाह दी गई है।