मोहाली। फेज-6 स्थित एक नामी निजी स्कूल में प्री प्राइमरी बच्चों को अश्लील वीडियो दिखाकर उनसे अश्लील हरकत करने वाले अमनप्रीत सिंह उर्फ मंदीप के खिलाफ पुलिस ने बीएनएस की धारा 74 (बल पूर्वक युवती की लज्जा भंग करने ), 75 (यौन उत्पीडऩ), 78 (युवती का बार-बार पीछा करना या उसकी ऑनलाइन गतिविधि पर नजर रखना), 295 (बच्चे को अश्लील सामग्री दिखाना) व प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन (सैक्सुअल अफेंस एक्ट 2012 व 19) की धारा 10 (प्राइवेट पार्ट पर हमला करना), 12 (प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़ करना) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी पीटी टीचर गांव मनौली का रहने वाला है और कई हफ्तों से नाबालिग बच्चियों से अश्लील हरकतें करता आ रहा था। पांचवीं कक्षा की बच्ची ने मां को आपबीती बताई थी। इसके बाद पीटी टीचर पर केस दर्ज हुआ। बच्ची के पिता ने बताया कि उसकी बेटी मंगलवार को सहमी हुई घर पहुंची और कमरे में जाकर रोने लगी। उसकी मां ने उससे रोने का कारण पूछा तो बच्ची ने अपनी मां से कहा कि उसने जरूरी बात करनी है लेकिन पापा को मत बताना।
मां ने प्यार से पूछा तो बेटी ने आपबीती बताई। बच्ची ने कहा कि मां आज हमारा स्पोर्ट्स पीरियड था तो पीटी टीचर अमनप्रीत सर ने कहा कि अपनी सहेलियों के साथ बेसमेंट में आओ तुम्हें इनडोर गेम करवानी है। समय सुबह करीब 10.45 का था। वह अपनी सहेली के साथ सर के कहने पर बेसमेंट में चली गई जहां अमनप्रीत पहले से मौजूद था। बच्ची को सर ने कहा कि तुम्हारी बाकी सहेलियां क्यों नहीं आई तो बच्ची बोली सर वह भी आ रही हैं। तभी टीचर ने दोनों को पकड़ा और कहा कि तुमको एक वीडियो दिखाऊं लेकिन हंसना मत। बच्ची के कहने अनुसार पहले उन्हें मोबाइल पर एक फन्नी वीडियो दिखाई, फिर सर ने बच्चियों को कहा कि तुम्हारा कोई बीएफ है तो एक बच्ची ने सर को कहा कि बीएफ का मतलब क्या है। सर ने हंसना शुरू किया और कहने लगा कि बीएफ का मतलब कोई लड़का दोस्त है। बच्चियों ने मना किया तो टीचर ने कहा कि यह होना जरूरी है तुम मुझे अपना दोस्त बना लो। सर बोला, मैं तुम्हें एक और वीडियो दिखाता हूं तुम किसी को बताना नहीं। उसके बाद टीचर ने अपने फोन में उन्हें अश्लील वीडियो दिखाई और कहा कि इस बारे में किसी को कुछ बताना नहीं। सर ने जो वीडियो दिखाई वह आपत्तिजनक थी। दोनों बच्चियां सहम गई और भागने लगी तो टीचर ने एक बच्ची को गोद में उठा लिया। बच्ची ने जब उससे छूटने का प्रयास किया तो टीचर ने उनके साथ आपत्तिजनक हरकतें की। वह दोनों भागकर बेसमेंट से ऊपर आई और अपनी अन्य सहेलियों को बेसमेंट में ना जाने के लिए कहा।
बच्चियों ने अपने परिवार को बताया कि टीचर उन्हें अपना झूठा पानी पिलाता था। वह बच्चियों के खाने वाले टिफिन से रोटी निकालकर उन्हें खिलाता था। पिछले एक हफ्ते से वह बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें करता आ रहा था। 26 नवंबर को बच्चियों ने अपनी स्कूल प्रिंसिपल को टीचर के बारे में शिकायत की थी लेकिन टीचर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बच्ची की बात सुनकर उसकी मां ने अपने पति से बात की और जब अगले दिन परिजन स्कूल पहुंचे तो वहां असेंबली चल रही थी और टीचर कमांड दे रहा था। परिजनों ने जब हंगामा किया तो प्रिंसिपल उन्हें अंदर ले गई। प्रिंसिपल ने परिजनों से कहा कि दफ्तर में बैठकर बात करते हैं और कहा कि मैनेजमेंट कमेटी से बात की है उसे सस्पेंड कर देंगे। आप पुलिस को शिकायत न दें। परिजनों की सूचना के बाद जब पुलिस स्कूल पहुंची तो पीटी टीचर का फोन चेक करने पर उसके फोन से अश्लील वीडियो व फोटो बरामद हुई थी। नाबालिग बच्चियों से अश्लील हरकतें करने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।