खरड़। कुराली राजमार्ग पर सुबह एक बलीनो कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दुर्घटना में कार में सवार चार लोग बाल-बाल बच गए, उन्हें मामूली चोटें आईं। राहगीरों ने तुरंत मदद कर उन्हें कार से बाहर निकाला। दो दंपती सूरतगढ़, राजस्थान से हिमाचल प्रदेश मनाली घूमने गए थे। वे पिछली रात मणिकरण साहिब गुरुद्वारे में माथा टेकने के बाद कसौली की तरफ जा रहे थे। किसी अन्य कार को रास्ता देने के प्रयास में उनकी बलीनो कार डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर से कार का टायर फट गया और वह बेकाबू होकर तीन-चार बार पलटी। कार लगभग 50 मीटर आगे जाकर बाईं तरफ पलट गई। इससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ। लोगों ने मिलकर पलटी हुई कार को सीधा किया और सड़क के किनारे किया। कार के एयरबैग खुलने के कारण चारों सवारियों को गंभीर चोटें नहीं आईं। कार सवारों ने बताया कि एयरबैग खुलने से उन्हें केवल मामूली खरोंचें आईं।